12:28 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

विकसित भारत युवा संसद में खुशी गुप्ता प्रथम, अभिलाषा यादव द्वितीय और निखिल सिंह चौहान रहे तृतीय

बदायूं, 18 नवंबर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, बदायूं द्वारा DIET सभागार में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं बदायूं सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। युवा संसद में जनपद के युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, उसके दुष्परिणामों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।

प्रतिभागियों के वक्तृत्व कौशल, तार्किक क्षमता, विषय की समझ एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर निर्णायक मंडल ने मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. नमिता यादव, डॉ. सतीश सिंह यादव, संतोष कुमार, डॉ. केपी सिंह एवं श्रद्धा शर्मा शामिल रहे।

परिणाम घोषित होने पर खुशी गुप्ता ने प्रथम, अभिलाषा यादव ने द्वितीय तथा निखिल सिंह चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया गया है। अब ये प्रतिभागी लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय चरण में बदायूं का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने में योगदान देने वाले युवा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अफ्फान खान, सुरेंद्र सिंह गौतम, सूर्या सिंह, स्वाति मौर्य, रितिक मौर्य एवं कुणाल को भी सम्मानित किया गया।

जिला युवा अधिकारी आदित्य सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं सम्मानित इन्फ्लुएंसर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का समापन युवाओं को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के संदेश के साथ हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.