12:28 am Thursday , 19 November 2026
BREAKING NEWS

सहसवान से शराब कंपनी का एरिया मैनेजर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता

सहसवान से शराब कंपनी का एरिया मैनेजर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, लाखों रुपये की वसूली भी गायब


तीन दिन बाद भी नहीं लगा सुराग, सहसवान पुलिस जांच में जुटी

सहसवान (बदायूं)। सहसवान क्षेत्र में देसी एवं अंग्रेजी शराब के ठेकों से वसूली करने वाला कंपनी का एरिया मैनेजर बंटी उर्फ राहुल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बताया जा रहा है कि उसके पास करीब पांच लाख रुपये से अधिक की वसूली की रकम थी। घटना के बाद से कंपनी और परिजनों में चिंता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:49 बजे तक एरिया मैनेजर बंटी उर्फ राहुल सहसवान क्षेत्र के देसी शराब ठेकों से रुपये की वसूली कर अपनी बाइक संख्या UP24L 5377 से सहसवान पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें कंपनी के नसरुल्लागंज स्थित कार्यालय पहुंचना था, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक, उनकी अंतिम लोकेशन अकबराबाद चौराहे तक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सेल्समैनों से करीब चार लाख रुपये की वसूली की रकम भी उनके साथ थी। वह रसूलपुर कला, जरीफनगर, दहगवां, मानपुर, मालपुर, उस्मानपुर, केरई, सेरई, सिलहरी और परसोना सहित कई क्षेत्रों के शराब ठेकों से भुगतान लेकर सहसवान आए थे।

मामले में कंपनी के जीएम बिसौली द्वारा सहसवान कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी गई है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी एरिया मैनेजर का कोई सुराग नहीं लग सका है।

प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस लापता एरिया मैनेजर की तलाश में जुटी हुई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.