उझानी में फाइनेंस एजेंटों का आतंक! बीच सड़क पर केंटर के आगे लगाई कार, चालक से की अभद्रता – वीडियो वायरल।
उझानी (बदायूँ) 17 नवंबर।
उझानी में प्राइवेट फाइनेंसरों के कारिंदों ने सड़क को ही अपनी जागीर समझ लिया है। किश्त वसूली के नाम पर ये लोग आए दिन ट्रक और कार चालकों को बीच सड़क पर रोककर झगड़ा करते हैं। ट्रक के आगे कार लगाकर वाहन रोक देना अब इनका रोज का काम हो गया है।
मंगलवार को बरेली मथुरा हाइवे पर कृषि उत्पादन मंडी के पास जो हुआ, उसने सबको हिला दिया। एक लग्जरी कार से आए फाइनेंस एजेंटों ने चलती सड़क पर एक केंटर के आगे अपनी कार लगा दी। केंटर चालक बाल-बाल बचा, वरना बड़ा हादसा हो जाता।
वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है –
एजेंट – “किश्त तेरी जमा नहीं है, नीचे उतर गाड़ी से।
ड्राइवर – किश्त जमा है, चेक कर लो, ऐसे गाड़ी क्यों रोक रहे हो ?
इसी बात पर सड़क पर ही तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पीछे गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। राहगीर देखते रहे, लेकिन एजेंटों की दबंगई के आगे कोई कुछ नहीं बोला।
लोगों का कहना है – अरे भाई, किश्त नहीं जमा है तो कोर्ट जाओ, बैंक से नोटिस भिजवाओ, पुलिस की मदद लो। सड़क पर गाड़ी रोककर गुंडागर्दी क्यों ?
कई बार तो इन एजेंटों की हरकत से नौबत मारपीट तक पहुंच जाती है। चालक अकेला होता है, एजेंट 3-4 होते हैं। डरा-धमकाकर पैसे वसूलने का धंधा चल रहा है।
उझानी की जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फाइनेंस एजेंटों पर तुरंत शिकंजा कसा जाए। सड़क पर वाहन रोककर वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, नहीं तो एक दिन इस दबंगई की वजह से किसी गरीब चालक की जान चली जाएगी।
सवाल – क्या उझानी में कानून से ऊपर हैं ये फाइनेंस एजेंट?
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com