12:33 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

गोपाष्टमी पर श्रद्धा और भक्ति से गूंजा ब्रह्मदत्त गोशालाधाम में उमड़ा गोप्रेमियों का सैलाब

गोपाष्टमी पर श्रद्धा और भक्ति से गूंजा ब्रह्मदत्त गोशालाधाम
13वें भव्य गौपूजन एवं गौमहाआरती दिव्य महोत्सव में उमड़ा गोप्रेमियों का सैलाब
बीमार एवं घायल गोवंश के उपचार के लिए सुदामा गोवंश चिकित्सालय का हुआ शिलान्यास
देव यज्ञ, भजन-कीर्तन और महाप्रसादी भंडारे ने बांधा समां

बदायूं। गोसेवा, गौसंरक्षण और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए गोपाष्टमी के पावन पर्व पर दातागंज मार्ग स्थित श्रीमद् ब्रह्मदत्त गोशालाधाम बदायूँ में 13वें भव्य गौपूजन एवं गौमहाआरती दिव्य महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गौमाता के पूजन, देव यज्ञ, धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और गौसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्रमुखता दी गई। महोत्सव का मुख्य आकर्षण बीमार एवं घायल गोवंश के प्राथमिक उपचार के लिए प्रस्तावित प्रथम सुदामा गोवंश चिकित्सालय का शिलान्यास रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान के साथ देव यज्ञ एवं हवन से हुआ। इसके पश्चात गौमाता का विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गौमाता की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। पूरे आयोजन में गौसेवा और गौसंरक्षण के प्रति समर्पण का भाव प्रमुख रूप से दिखाई दिया।
सुदामा गोवंश चिकित्सालय का शिलान्यास
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने समस्त गोप्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति में बीमार एवं घायल गोवंश के प्राथमिक उपचार के लिए सुदामा गोवंश चिकित्सालय के निर्माण का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केवल गोवंशों के उपचार का यह बदायूँ का प्रथम चिकित्सालय बनेगा। गऊ माताओं की सेवा में अपना सर्वस्व प्रदान करने वाले हमारे युवा गोपालक सचिन भारद्वाज बहुत ही सुन्दर कार्य कर रहे हैं। उनके सतत प्रयास से ब्रह्मदत्त गौशाला धाम जनपद में गोमाताओं की सेवा का सबसे उत्तम स्थल बन गया है। उन्होंने कहा कि गोशालाधाम की इस पहल को गौसेवा और गौसंरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सदर विधायक ने चिकित्सालय के निर्माण के लिए समाज के लोगों एवं धर्मप्रेमियों से सहयोग की अपील भी की। गोपालक सचिन भारद्वाज ने कहा कि इस चिकित्सालाय का उद्देश्य बीमार एवं घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
भजन-कीर्तन में रमे श्रद्धालु, गूंजे राधा-कृष्ण के जयकारे
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल, पंजाबी मंदिर, बदायूं के सहयोग से आयोजित श्रीराधा-कृष्ण भजन एवं संकीर्तन रहा। भक्ति संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन का आनंद लिया और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ गौमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
गौशालाधाम के सहयोगियों एवं गोपालकों का सम्मान
महोत्सव के दौरान ब्रह्मदत्त गौशालाधाम की सेवा एवं व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले सहयोगियों और गोपालकों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। गौसेवा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वालों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
दिव्य गौमहाआरती और महाप्रसादी भंडारे में उमड़ा भक्तिभाव
महोत्सव में दिव्य गौपूजन के बाद भव्य गौमहाआरती का आयोजन किया गया। इसके पश्चात महाप्रसादी एवं भंडारे की व्यवस्था रही, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन ने गौसेवा, सामाजिक सहभागिता और पारिवारिक संस्कारों को जोड़ने का संदेश दिया।
गोदान और गौसेवा के लिए समाज से सहयोग की अपील
इस अवसर पर गोपाष्टमी के पावन पर्व पर गौदान की महत्ता का संदेश भी दिया गया। समस्त सनातन परिवारों से अपने प्रियजनों एवं वरिष्ठजनों के नाम पर गौदान कराने का आग्रह किया गया। साथ ही जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य मांगलिक अवसरों पर गौमाता की विशेष आरती और गौपरिक्रमा कराकर गौसेवा से जुड़ने का संदेश दिया गया।
आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। बीमार एवं घायल गोवंश के उपचार के लिए चिकित्सालय निर्माण की पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया।

कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित..
इस अवसर पर सुनील गुप्ता, अजय कुमार मिश्र, उमंग गुप्ता, आयुष अग्रवाल, दीपक रस्तोगी, सचित वैश्य,अम्बुज वैश्य, राहुल चौबे, अशोक भारतीय, पंकज शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, इन्द्रेश रस्तोगी, गिरधारी राठौर, दीपमाला गोयल, राकेश गुलाटी, भीमसेन सागर, तुलसीराम, शरद सक्सेना आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.