बच्चों के पटाखे चलाने को लेकर हुआ विवाद, घर में घुसकर युवक पर हमला करने का आरोप; चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
केशव गुप्ता
बदायूं। उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया अभय में बच्चों के पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र पूरन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 नवंबर को उनके बच्चों और पड़ोस के अरविंद उर्फ भूदल के बच्चों के बीच पटाखे चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में आरोप है कि 9 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे अरविंद उर्फ भूदल, अमीर सिंह, दलवीर और अवधेश ने उनके भाई राजवीर के घर में घुसकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में राजवीर को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। भाई का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद प्रमोद कुमार ने 16 नवंबर को थाना उसावां पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमेन्द्र पंवार को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com