5:47 am Sunday , 15 November 2026
BREAKING NEWS

सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर हेड कांस्टेबल से 12.15 लाख ठगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार पर FIR

सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर हेड कांस्टेबल से 12.15 लाख ठगने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार पर FIR।

उझानी (बदायूं) 14 नवंबर ।

सचिवालय में समीक्षा अधिकारी बताकर प्लॉट दिलाने और जूनियर क्लर्क की नौकरी लगवाने के नाम पर हेड कांस्टेबल से 12 लाख 15 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है। न्यायालय के आदेश पर थाना उझानी में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायतकर्ता हेड कांस्टेबल मुकेश चन्द्र पुत्र प्यारेलाल, निवासी ग्राम कुआंडांडा, थाना उझानी हैं। वर्ष 2020 में वह थाना जीआरपी चारबाग, लखनऊ में तैनात थे। शिकायत के अनुसार, वहीं उनकी मुलाकात संजय तिवारी से हुई, जिसने खुद को लोक भवन में गृह विभाग में समीक्षा अधिकारी बताया। उसने कहा कि उसकी पत्नी रिचा भी सचिवालय में समीक्षा अधिकारी है।

आरोप है कि संजय तिवारी ने गोमतीनगर विस्तार मलेसेमऊ में प्लॉट खरीदने की बात कहकर 8 लाख रुपये उधार मांगे। विश्वास में आकर मुकेश चन्द्र ने एसबीआई बैंक आरिफपुर नवादा से 11 लाख 35 हजार रुपये का पर्सनल लोन कराया। संजय तिवारी ने चेक लेने से मना कर नकद मांगे। दिनांक 05/02/2023 को वह मुकेश चन्द्र के गांव कुआंडांडा आया। गवाहों के सामने सिंह हवेली रेस्टोरेंट, बदायूं-उझानी मार्ग पर उसे नकद 7 लाख 65 हजार रुपये दिए गए। आरोप है कि 6 माह में वापस करने का वादा किया, लेकिन मात्र 20 से 25 हजार रुपये ही ऑनलाइन वापस किए।

शिकायत में कहा गया है कि बाद में संजय तिवारी ने अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 2023 की भर्ती में सचिवालय में जूनियर क्लर्क की नौकरी लगवाने के लिए 8-8 लाख रुपये की मांग की। प्रार्थी के साले व साले के दोस्त विवेक कुमार पुत्र छोटेलाल ने वर्ष 2023 में आवेदन भी किया। आरोप है कि दिनांक 01-07-2023 को चेक नं. 559647 से 4 लाख 50 हजार रुपये निकालकर संजय तिवारी की पत्नी रिचा और भाई धर्मेंद्र को हुसैनगंज मेट्रो के पीछे वाले मकान पर दिए गए। इस तरह कुल 12 लाख 15 हजार रुपये लिए गए।

रुपये मांगने पर आरोपियों ने 2 लाख रुपये का HDFC बैंक का चेक नं. 000003, खाता नं. 50100298642453, दिनांक 03-03-25 का दिया। शिकायत के अनुसार, बैंक में पता करने पर खाता बंद मिला और चेक किसी अन्य व्यक्ति का निकला। पूछने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने और नौकरी छीनने की धमकी देने का आरोप है।

शिकायत के अनुसार, 04 दिसम्बर 25 को मुकेश चन्द्र संजय तिवारी के घर मलेसेमऊ, थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ गए तो पता चला कि वह सचिवालय में नियुक्त नहीं है और उसका सही नाम लाल बहादुर उर्फ संजय तिवारी पुत्र शिव प्रसाद तिवारी है। आरोप है कि ठगी के पैसों से मलेसेमऊ में मकान और बोलेरो कार साले नितिन जयकिशोर के नाम खरीदी गई, जिसका उपयोग संजय तिवारी करता है। गाड़ी पर उप्र सरकार लिखा होने का भी आरोप है।

प्रार्थी ने पहले थाने और एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। कार्रवाई न होने पर न्यायालय श्रीमान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बदायूं में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर
संजय तिवारी उर्फ लाल बहादुर पुत्र शिव प्रसाद तिवारी, निवासी मलेसेमऊ, थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ, मूल निवासी ग्राम रामशाहपुर, थाना जामो, जनपद अमेठी।
रिचा पत्नी संजय तिवारी, पता वही
धर्मेंद्र तिवारी पुत्र शिव प्रसाद तिवारी, पता वही,
नितिन जयकिशोर पुत्र जुगल किशोर, निवासी 1/387 निकट कल्याण मण्डप सेक्टर-1 विकास नगर, लखनऊ के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया है

जांच उपनिरीक्षक शिव कुमार मलिक को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.