दातागंज में तालाब से मिला 17 वर्षीय किशोर का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
केशव गुप्ता
आटा चक्की पर बाट चोरी के आरोप में मारपीट का परिजनों ने लगाया आरोप, एक आंख फूटी और शरीर पर मिले चोटों के निशान; पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
बदायूं। जनपद के थाना दातागंज क्षेत्र के ग्राम नतिनीपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब से 17 वर्षीय किशोर का जख्मी शव बरामद हुआ। किशोर के शरीर पर चोटों के निशान और एक आंख फूटी मिलने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों ने किशोर की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों का आरोप है कि आटा चक्की पर बाट चोरी के शक में किशोर के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि जान बचाने के लिए किशोर तालाब में कूद गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि करीब 12 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने किशोर का शव तालाब से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और जांच के बाद ही किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि किशोर की मौत महज एक हादसा थी या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश? पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com