उसहैत में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का आरोप, बाइक सवारों के जरिए गांव-गांव हो रही महंगे दामों पर बिक्री!
केशव गुप्ता
मां दुर्गा भारत गैस एजेंसी पर उठे सवाल, डीसीएम से गाजियाबाद तक सिलेंडर भेजे जाने का भी दावा; प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग।
उसहैत (बदायूं)। कस्बा उसहैत स्थित मां दुर्गा भारत गैस एजेंसी को लेकर गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंसी से सुबह से शाम तक दर्जनों बाइक सवार चार-पांच सिलेंडर लेकर बार-बार निकलते हैं और गांव-गांव तथा कस्बों में उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर सिलेंडर बेचते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी से प्रतिदिन बड़ी संख्या में सिलेंडरों की आपूर्ति बाइक सवारों के माध्यम से की जा रही है। इतना ही नहीं, डीसीएम के जरिए करीब 100-100 सिलेंडर गाजियाबाद भेजकर बेचने का भी दावा किया जा रहा है। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो इससे आम उपभोक्ताओं को सरकारी निर्धारित कीमत पर गैस सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर आम उपभोक्ता गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर कथित तौर पर सिलेंडरों की कालाबाजारी का खेल चल रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर एजेंसी के स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, डीसीएम से भेजे जा रहे सिलेंडरों तथा वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले की जांच कब करेगा और आम उपभोक्ताओं को राहत कब मिलेगी?
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com