कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव। कस्बा कुंवरगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व की रौनक दिखाई दी। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। पर्व के चलते कस्बे के बाजारों में मिठाई, गोला, मिश्री और पूजा सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। खरीदारी को लेकर बाजारों में चहल-पहल देखने को मिली।
दूसरी ओर त्योहार पर बहनों के भाइयों के घर पहुंचने और लोगों के आवागमन के चलते बदायूं रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी। बसों और ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई बसों में भीड़ के चलते धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बनी रही। कुल मिलाकर भैया दूज पर क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम और त्योहार की खुशियों का माहौल दिखाई दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com