।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, बरेली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, शव लेकर पहुंचे परिजनों ने किया जमकर हंगामा, संचालक डॉक्टर नदीम समेत पूरा स्टाफ फरार।
अलापुर (बदायूँ) 11 नवंबर।
अलापुर क्षेत्र में स्थित इनाया नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत के बाद हड़कंप मच गया। गुस्साए परिजनों ने शव लेकर नर्सिंग होम पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची अलापुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना के बाद नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर नदीम समेत पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया।
अलापुर क्षेत्र के गांव कोटा निवासी धीरपाल ने बताया कि वह मंगलवार रात करीब 9 बजे अपनी पत्नी प्रेमलता को प्रसव के लिए इनाया नर्सिंग होम लेकर गए थे। आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन के नाम पर 40 हजार रुपये मांगे। रुपये जमा करने के बाद प्रेमलता को भर्ती किया गया।
बुधवार सुबह प्रेमलता का ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ ही समय बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ता देख डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर कर दिया।
परिजन उसे तुरंत बरेली ले जा रहे थे, लेकिन बदायूँ पहुंचते ही प्रेमलता ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजन शव लेकर वापस इनाया नर्सिंग होम पहुंचे और डॉक्टर पर गलत तरीके से ऑपरेशन करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। नर्सिंग होम के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
हंगामे की सूचना मिलते ही अलापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के हंगामे के बीच नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर नदीम समेत पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया। नर्सिंग होम में सन्नाटा पसर गया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गरीब मरीजों से मोटी रकम लेकर भी सही इलाज नहीं दिया जाता, जिससे आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com