बदायूं में प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
केशव गुप्ता
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत, परिजनों का आरोप—इलाज करने के बजाय अस्पताल स्टाफ हुआ गायब; 40 हजार रुपये में तय हुआ था प्रसव का खर्च
बदायूं। एमएफ हाईवे पर अलापुर-ककराला चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक, थाना अलापुर क्षेत्र के गांव कोठा निवासी धीरपाल की पत्नी प्रेमलता को प्रसव के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल संचालक ने प्रसव के लिए 40 हजार रुपये तय किए थे। अस्पताल में कथित डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन किया, जिसके बाद प्रेमलता ने एक बेटे को जन्म दिया।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि अस्पताल का स्टाफ महिला का समुचित इलाज करने के बजाय एक-एक कर वहां से चला गया। हालत गंभीर होने पर भी उचित उपचार नहीं मिलने के चलते प्रेमलता की मौत हो गई।
युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
अब परिजनों की मांग है कि अस्पताल की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com