10:32 pm Tuesday , 10 November 2026
BREAKING NEWS

कादरचौक में युवक का शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर माने ग्रामीण

कादरचौक में युवक का शव रखकर परिजनों ने किया प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर माने ग्रामीण

केशव गुप्ता

जंगल में पेड़ से लटका मिला था 18 वर्षीय गिरजेश का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि
कादरचौक (बदायूं)। थाना कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ढोकन नगला के जंगल में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने कादरचौक चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजन घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम लभारी निवासी सोरन का पुत्र गिरजेश कुमार 7 नवंबर को घर से बिना बताए चला गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। अगले दिन 8 नवंबर को ग्राम ढोकन नगला के जंगल में उसका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगने से होना पाया गया है। शरीर पर किसी अन्य बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव को कादरचौक चौराहे पर रखकर निष्पक्ष जांच की मांग की। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी उझानी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.