12:02 am Sunday , 8 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं पुलिस लाइन में 35 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के साथ मनाया दीपोत्सव

बदायूं पुलिस लाइन में 35 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के साथ मनाया दीपोत्सव

केशव गुप्ता

शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ, पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों की रंगोली ने मोहा मन
बदायूं। दीपावली के पावन पर्व पर पुलिस लाइन बदायूं में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान पुलिस परिवार के साथ मिलकर करीब 35 हजार दीप जलाए गए, जिससे पूरा पुलिस लाइन परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, सहायक पुलिस अधीक्षक सुमेध मिलिन्द जाधव, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार एवं उनके परिजनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए।
वहीं पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने आकर्षक रंगोली बनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। एसएसपी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मिठाई वितरित की। इसके साथ ही पुलिस पेंशनर्स को शॉल पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई देकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर खुशियां साझा कीं। 35 हजार दीपों की जगमगाती रोशनी के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
बदायूं पुलिस की ओर से जनपदवासियों एवं पुलिस परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.