6:39 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी- एसएसके पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने लूटी वाहवाही

।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, कहा – संस्कार और शिक्षा ही बच्चों को बनाएंगे श्रेष्ठ नागरिक।

उझानी-बदांयू 6 नवंबर ।

भगवान दास पैलेस में बृहस्पतिवार को एसएसके पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, भव्यता और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। सुबह से ही पैलेस परिसर बच्चों की चहचहाहट, अभिभावकों की उत्सुकता और रंग-बिरंगी सजावट से गुलजार था। मंच को फूलों, गुब्बारों और रंगीन लाइटों से सजाया गया था। जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, पूरा पैलेस तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती अंबिका शर्मा, मैनेजर अनुभव शर्मा एवं प्रधानाचार्य शैलेंद्र राणा द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद अतिथियों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि बीएल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एसएसके पब्लिक स्कूल ने बहुत कम समय में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। यहां बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कार, अनुशासन और संस्कृति से भी जोड़ा जा रहा है, यही इस विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों से भी बच्चों को समय देने और उनका हौसला बढ़ाने का आह्वान किया।

समारोह की शुरुआत स्कूली थीम सांग एवं गणेश वंदना से हुई। गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद मंच पर नन्हे-मुन्ने बच्चों का जलवा देखने को मिला।

प्ले ग्रुप एवं नर्सरी के छोटे-छोटे बच्चों ने “चंदा चमके” और “ब्लू है पानी पानी” गीतों पर ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। नन्हे बच्चों के भोले-भाले अंदाज, रंग-बिरंगी ड्रेस और मासूम अदाओं पर खूब तालियां बजीं।

इसके बाद एलकेजी-यूकेजी के छात्रों ने “मैं निकला गड्डी लेके” और “बम-बम बोले” पर धमाकेदार डांस कर पूरे पैलेस को झूमने पर मजबूर कर दिया। लुंगी डांस की प्रस्तुति ने तो दर्शकों को कुर्सियों से उठकर ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा भारत की विभिन्न संस्कृतियों का संगम। छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी, कश्मीरी, मराठी, गुजराती और पंजाबी लोकनृत्यों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। हर प्रदेश की वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य शैली ने दर्शकों को भारत की विविधता में एकता का एहसास कराया।

राजस्थानी नृत्य की रंगीन घूमर, पंजाबी भांगड़े का जोश, गुजराती गरबे की मस्ती और कश्मीरी नृत्य की मनमोहक अदाओं ने खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा मंचित रामायण एक्ट ने सभी का दिल जीत लिया। भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान के किरदारों में बच्चों का जीवंत अभिनय देखकर दर्शक भावुक हो गए। रामायण के प्रसंगों को बच्चों ने इतनी सजीवता से प्रस्तुत किया कि पूरा पैलेस “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा। दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर बिल्सी बालाजी दरबार के महंत मटरूमल शर्मा जी, रतीश पाल सिसौदिया, प्रधानाचार्य रविन्द्र भट्ट, अखिल अग्रवाल, राजीव गोयल, पवन वार्ष्णेय, किशन चन्द्र शर्मा, मधुर सपरा, अवधेश वर्मा, फ्लोरेंस नाइटिंगेल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर हर्षवर्धन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, सभी पधारे हुए गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों एवं अध्यापकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं। विद्यालय आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन बेहद सुंदर ढंग से किया गया और अंत तक दर्शकों का उत्साह बना रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.