9:11 pm Wednesday , 12 August 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बूथ अध्यक्षों का महासम्मेलन, ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का संकल्प दोहराया

उझानी-बदांयू 22 जुलाई।

बिल्सी विधानसभा के सभी मंडलों के बूथ अध्यक्षों का महासम्मेलन बुधवार को नगर उझानी के लिंक रोड स्थित पंडित भगवान दास पैलेस में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का संकल्प दोहराया गया।

महासम्मेलन में निवर्तमान महानगर अध्यक्ष के.एम. अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव की जीत बूथ स्तर से ही तय होती है। हर बूथ अध्यक्ष अपने क्षेत्र में सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाए और संगठन को और मजबूत करे। 2027 में फिर से विजय का शंखनाद करने के लिए अभी से जुट जाना होगा।

कार्यक्रम में बिल्सी विधायक हरीश चंद्र शाक्य, मंडल प्रभारी एवं जिला मंत्री श्रीमती आरती कश्यप, पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल, उझानी ग्रामीण, बिल्सी नगर एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तथा मुजरिया मंडल के अध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद रहे।

सभी शक्ति केंद्र संयोजकों, मंडल पदाधिकारियों और लगभग 400 बूथ अध्यक्षों ने सम्मेलन में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी आगंतुकों का विधिवत पंजीकरण किया गया। इसके बाद सभी बूथ अध्यक्षों को संगठन की ओर से किट वितरित की गई।

मंच से वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। पूरे माहौल में 2027 के विजयी शंखनाद के नारे गूंजते रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि आने वाले चुनाव में बिल्सी विधानसभा में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस