रसूलपुर नगला में लगा स्वचालित वर्षा मापी केंद्र, अब बारिश का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन
केशव गुप्ता
उसहैत (बदायूं)। क्षेत्र में मौसम और बारिश की सटीक जानकारी जुटाने के लिए रसूलपुर नगला गांव में स्वचालित वर्षा मापी केंद्र (ARG) स्थापित किया गया है। यह केंद्र इलाके में होने वाली बारिश की मात्रा को स्वतः मापकर मिलीमीटर में रिकॉर्ड करेगा। इससे स्थानीय स्तर पर वर्षा का सटीक आंकड़ा उपलब्ध हो सकेगा।
यह केंद्र राजकीय हाईस्कूल के पास स्थित खेल मैदान में लगाया गया है। केंद्र पर लगे बोर्ड पर भारत सरकार और संबंधित विभागों के नाम अंकित हैं। स्वचालित वर्षा मापी केंद्र से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर मौसम विभाग और अन्य संबंधित विभाग क्षेत्र में बारिश के पैटर्न पर नजर रख सकेंगे।
इस डेटा से मौसम की निगरानी के साथ-साथ कृषि योजनाएं बनाने और किसानों के लिए बेहतर रणनीति तैयार करने में भी मदद मिलेगी। केंद्र स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर वर्षा का सटीक और नियमित रिकॉर्ड जुटाना है।
केंद्र की देखरेख की जिम्मेदारी पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com