


बिल्सी में गड्ढों से भरी सड़कों को दुरुस्त करने का अभियान शुरू, ट्री मैन प्रशांत जैन ने डीएम को लिखा था पत्र
पहले चरण में गहरे गड्ढों में डाली गई बजरी, जल्द होगा पूरे मार्ग का पुनर्निर्माण
बिल्सी (बदायूं)। नगर की जर्जर सड़कों और उनमें हो रहे गहरे गड्ढों से परेशान आमजन को राहत मिलने लगी है। ट्री मैन प्रशांत जैन की शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क को गड्ढामुक्त करने का अभियान शुरू कर दिया है।
नगर के सम्राट अशोक चौक से साहबगंज होते हुए थाना मोड़, सीताराम तिराहा और नवनिर्मित रोडवेज बस स्टैंड तक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अरिहंत वृक्षारोपण सामाजिक सेवा समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष ट्री मैन प्रशांत जैन ने जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने संबंधित मार्ग का निरीक्षण किया और सड़क को दुरुस्त कराने के लिए प्रस्ताव तैयार किया। इसके बाद प्रथम चरण में गहरे गड्ढों में बजरी आदि डालकर उन्हें भरने का कार्य शुरू कराया गया है। अगले चरण में पूरे मार्ग का पुनर्निर्माण कर नई सड़क बनाई जाएगी।
ट्री मैन प्रशांत जैन ने बताया कि उनकी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में गहरे गड्ढों को भरवाया गया है, जबकि जल्द ही पूरे मार्ग पर नई सड़क बनाने का कार्य भी कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल गहरे गड्ढों से लोगों को राहत मिली है। साथ ही सीताराम तिराहे पर जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिली है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com