बिल्सी। नगर के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में मंगलवार को कालेज का 42वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंकित गुप्ता का बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। प्रबंधक सुरेश बाबू गुप्ता एवं अध्यक्ष अनिल कुमार वार्ष्णेय ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने श्रीराम कथा, गणेश वंदना और स्वागत गान की प्रस्तुति दी। इसके अलावा ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’, ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ और राधा-कृष्ण की होली जैसी आकर्षक प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। उपप्रबंधक डीके गुप्ता, संजीव वार्ष्णेय एवं राजीव वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की ओर से उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षिका निशा शर्मा, अवनीश कुमार एवं उमा शर्मा को सर्वश्रेष्ठ अध्यापक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com