उझानी- इकलौते बेटे-बहू ने ही तोड़ दी बुजुर्ग मां-बाप की हिम्मत, मारपीट कर घर से निकालने की धमकी।
उझानी (बदायूं) 28 नवंबर ।
जिस इकलौते बेटे को मां-बाप ने अपनी जवानी घिसकर पाला-पोसा, बड़ा किया, उसी बेटे और बहू ने अब बुढ़ापे में उन्हीं मां-बाप को बोझ समझ लिया। उझानी कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा कॉलोनी में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपति की कहानी सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जाएंगी।
बुजुर्ग दंपति का इकलौता बेटा है। आरोप है कि बेटा बहू के इशारों पर नाचता है। आए दिन दोनों पति-पत्नी बुजुर्ग माता-पिता को तरह-तरह से प्रताड़ित करते हैं, गाली-गलौज करते हैं, खाना-पीना तक बंद कर दिया है और घर के किनारे धकेल दिया है।
पीड़ित बुजुर्गों के अनुसार 26 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे बेटे-बहू ने दोनों के साथ जमकर मारपीट की। बूढ़ी हड्डियों पर लात-घूंसे बरसाए गए और जान से मारने की धमकी दी गई। रोते-बिलखते बुजुर्गों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
बुजुर्ग पिता ने रोते हुए कहा – हमने इकलौते बेटे के लिए सब कुछ कुर्बान कर दिया, आज वही बेटा हमें ही हमारे घर से निकालना चाहता है। अब हम जाएं तो कहां जाएं?
अपनी इज्जत और जान बचाने के लिए बुजुर्ग दंपति ने उझानी कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से गुहार लगाई है कि उनकी दुकान-मकान से बेटे-बहू को बाहर किया जाए, जिससे हम दोनों बुजुर्ग अपना बचा हुआ जीवन आसानी से काट सकें।
उन्होंने कहा कि जब तक बेटा-बहू घर में रहेंगे, उन्हें चैन से जीने नहीं देंगे। इसलिए पुलिस उन्हें उनकी ही दुकान-मकान से बेदखल कराए और उन्हें सुरक्षा दिलाए।
मोहल्ले के लोगों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जो इकलौती औलाद अपने मां-बाप की इज्जत नहीं कर सकती, उसे समाज में रहने का हक नहीं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com