बगरापुर में सात किसानों के नलकूपों में चोरी, केबल-स्टार्टर समेत कीमती सामान ले उड़े चोर
14-15 नवंबर की दस नलकूपों में हुई चोरी का भी अब तक खुलासा नहीं, किसानों ने उठाए पुलिस गश्त पर सवाल
कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र में नलकूपों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार रात चोरों ने गांव बगरापुर में सात किसानों के निजी नलकूपों को निशाना बनाकर केबल, स्टार्टर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को घटना की जानकारी हुई तो उनमें हड़कंप मच गया। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने अखिलेश मिश्रा, सुमित, कल्लू गरुइया, रजनेश गरुइया, हरीश बगरापुर, मनोज बगरापुर और अवधेश पंडित गरुइया के नलकूपों में चोरी की। किसानों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कुंवरगांव कस्बे में 14 और 15 नवंबर की रात चोरों ने दस किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर केबल, स्टार्टर और बैटरियां चोरी कर ली थीं। उस घटना के बाद किसानों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सामूहिक प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। स्थानीय पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन अब तक घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
लगातार वारदातों से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
पुरानी घटनाओं का खुलासा नहीं होने के बीच दोबारा सात नलकूपों में चोरी होने से पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि चोर लगातार खेतों में लगे नलकूपों को निशाना बना रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ फसलों की सिंचाई प्रभावित होने की चिंता भी सता रही है।
किसानों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से नलकूपों में चोरी करने वाले गिरोह की पहचान कर गिरफ्तारी करने, पूर्व की घटनाओं का खुलासा करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com