।
कछला (बदायूं) 24 नवंबर ।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मंगलवार को प्रातःकाल से ही कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही हर-हर गंगे और जय गंगा मैया के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा। सुबह 9 बजे तक लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया।
रात से ही दूर-दराज के गांवों और कस्बों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली, बस और निजी वाहनों से कछला पहुंचने लगे थे। सुबह होते ही घाट पर पैर रखने की जगह नहीं बची। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पूरे विधि-विधान के साथ गंगा स्नान किया, दीपदान किया और दान-पुण्य कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात रही। कछला चौकी इंचार्ज अविनाश पुंढीर खुद घाट पर मौजूद रहकर लगातार अनाउंसमेंट करते रहे। कोई भी श्रद्धालु खतरे के निशान एवं संकेतक बोर्ड से आगे स्नान न करें। आगे गहरा पानी है, खतरा है। सभी लोग बैरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करें।
उनकी इस अपील का श्रद्धालुओं ने भी पूरा पालन किया। गोताखोर भी लगातार गंगा में नजर बनाए हुए थे।
जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने इस बार बेहतरीन व्यवस्था की। स्नान स्थल से 2 किलोमीटर पहले ही श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को रोक दिया गया, जिससे घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी। श्रद्धालु पैदल ही आराम से घाट तक पहुंचे।
पुलिसकर्मी चौराहे से लेकर घाट तक हर मोड़ पर तैनात रहे और श्रद्धालुओं को सही रास्ता बताते रहे।
नगर पंचायत के सफाई कर्मी सुबह से ही घाट की सफाई में जुटे रहे। जगह-जगह पेयजल और लाइट की व्यवस्था की गई थी। खोया-पाया कैंप पर भी कर्मचारी मुस्तैद दिखे।
प्रशासन का अनुमान है कि देर शाम तक 5 से 6 लाख श्रद्धालु कछला गंगा घाट पर स्नान करेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
गोपी तोमर कछला
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com