10:01 pm Friday , 27 November 2026
BREAKING NEWS

बाल विवाह के खिलाफ बदायूं में 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का आगाज, स्कूली बच्चों ने ली रोकथाम की शपथ

बाल विवाह के खिलाफ बदायूं में 100 दिवसीय जागरूकता अभियान का आगाज, स्कूली बच्चों ने ली रोकथाम की शपथ

केशव गुप्ता

विश्व बाल विवाह निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर 11 विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को बताए बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधान
बदायूं। विश्व बाल विवाह निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर 27 नवंबर 2026 को जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान, बदायूं की ओर से बाल विवाह की रोकथाम के लिए 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले के 11 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम भगवान सिंह इंटर कॉलेज म्याऊं, शिवाजी शिशु मंदिर इंटर कॉलेज म्याऊं, सोमशंकर इंटर कॉलेज बिनावर, राजकीय इंटर कॉलेज घटपुरी, अयोध्या देवी इंटर कॉलेज उनौला, कलावती इंटर कॉलेज उपरैला, श्री सतीश चंद्र मेमोरियल पब्लिक स्कूल टिकरा, अशर्फी देवी इंटर कॉलेज उझानी, त्रिवेणी साह इंटर कॉलेज आसफपुर तथा नन्नूमल जैन इंटर कॉलेज बिल्सी सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जागरूकता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
संस्था के प्रोग्राम मैनेजर गंगासिंह ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बनाने वाली सामाजिक कुरीति है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। वहीं काउंसलर चेतना ने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा बाधित होती है और उन्हें अनेक सामाजिक एवं व्यक्तिगत चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
चाइल्डलाइन केस वर्कर दुर्वेश शर्मा ने बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि आसपास कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलती है या कोई बच्चा संकट में दिखाई देता है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
वहीं थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के एसएचओ इन्द्रपाल ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी बच्चे के परेशानी या संकट में होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल सहायता के लिए आगे आती है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
संस्था के प्रोग्राम मैनेजर सुग्रीव सिंह ने विद्यार्थियों को जेआरसी के हेल्पलाइन नंबर 18001027222 की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान काउंसलर द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल विवाह रोकने और इसके खिलाफ आवाज उठाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर संस्था के प्रोग्राम मैनेजर गंगासिंह, सुग्रीव सिंह, काउंसलर चेतना, चाइल्डलाइन केस वर्कर दुर्वेश शर्मा, एएचटी का समस्त स्टाफ, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संस्था ने अभियान के माध्यम से समाज में यह संदेश देने का प्रयास किया कि बाल विवाह मुक्त बचपन और सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.