7:29 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

शादियों में बदला प्रीतिभोज का अंदाज, अब हलवाई नहीं, कैटरिंग पैकेज का चलन

।

उझानी (बदायूं) 25 नवंबर ।

शादियों के सीजन में प्रीतिभोज का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। पहले जहां शादी वाले घरों के लोग कई दिन पहले से हलवाई लगाने और बाजार से सामान ढोने की भागदौड़ में जुटे रहते थे, लेकिन अब इसकी जगह ऑल-इन-वन पैकेज कैटरिंग ने ले ली है।

इस सहालग में शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक हलवाई की पारंपरिक बुकिंग के बजाय प्रति प्लेट के हिसाब से कैटरिंग पैकेज बुक कराने का चलन तेजी से बढ़ा है। बाजार में 200 रुपये से लेकर 2,000 रुपये प्रति प्लेट तक के पैकेज उपलब्ध हैं।

कैटरिंग कारोबारियों के अनुसार आजकल लोग स्वाद के साथ-साथ प्रस्तुतीकरण पर भी पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसके लिए फास्ट फूड जोन के साथ ही राजस्थानी रजवाड़ा थीम, विंटेज कार्ट, फूलों की झालरों और एलईडी लाइटिंग से सजाया जा रहा है।

स्टील की सामान्य प्लेटों की जगह अब बोन चाइना, कांच और कांसे की थालियों व कटोरियों में भोजन परोसा जा रहा है, जो दावत को शाही रूप देता है।

पैकेज कैटरिंग से मेजबान परिवार को सबसे बड़ी सहूलियत यह मिल रही है कि उन्हें राशन, गैस सिलिंडर, बर्तन, टेंट के किचन सेटअप और सफाई की कोई चिंता नहीं करनी पड़ती। सारा जिम्मा कैटरर का होने से परिवार शादी की रस्मों का आनंद ले पाता है।

हालांकि, इसमें कुछ व्यावहारिक परेशानियां भी सामने आती हैं। कई बार बारात या समारोह में तय संख्या से अधिक मेहमान आ जाने पर अतिरिक्त प्लेटों का खर्च अचानक बजट बिगाड़ देता है। वहीं प्लेटों की गिनती पर समारोह के अंत में मेजबान और कैटरर के बीच हिसाब-किताब में नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है।

अब लोग शादी की भागदौड़ से बचने के लिए प्रति प्लेट कैटरिंग पैकेज को ही सबसे बेहतर मान रहे हैं। 200 से 500 रुपये से लेकर 2,000 रुपये प्रति प्लेट तक के पैकेज में राशन, कारीगर, क्रॉकरी और वेटर सर्विस सब कुछ शामिल रहता है।

पैकेज सिस्टम में मेजबान को सामान खरीदने या बर्बादी की चिंता नहीं रहती। हम ग्राहक की जरूरत के हिसाब से पहले ही मेन्यू और प्लेटों की संख्या तय कर लेते हैं, ताकि कार्यक्रम के अंत में हिसाब-किताब को लेकर किसी तरह की असहज स्थिति न बने।
प्रशांत माहेश्वरी, कैटरिंग संचालक, उझानी।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.