जर्जर मकान में रहने को मजबूर दिव्यांग पिंटू, प्रधानमंत्री आवास योजना का नहीं मिला लाभ
केशव गुप्ता
45 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद आवास के लिए लगा रहे चक्कर, ग्राम पंचायत सचिव पर गलत जांच रिपोर्ट लगाने का लगाया आरोप
बदायूं। उसावां ब्लॉक के उसहैत क्षेत्र की ग्राम पंचायत मसूदपुरा के मजरा तरसुरा निवासी दिव्यांग पिंटू प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। 45 प्रतिशत पैर से दिव्यांग पिंटू मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका।
पिंटू के मुताबिक, वह अपनी पत्नी के साथ भाई के मकान में रहते हैं। मकान की दीवारें मिट्टी की हैं और काफी जर्जर हालत में हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को हमेशा हादसे का डर बना रहता है। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच करने पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव ने गलत रिपोर्ट लगा दी। ग्रामीणों की ओर से स्थिति बताने और रिपोर्ट में सुधार की मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पिंटू का कहना है कि उनका मकान रहने लायक नहीं है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और शारीरिक दिव्यांगता के चलते वह खुद पक्का मकान बनवाने में असमर्थ हैं। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
सचिव बोले- जांच में पक्के मकान में मिलीं पत्नी
वहीं, ग्राम पंचायत सचिव वीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शिकायत मिली थी। इस पर वह स्वयं मौके पर जांच करने पहुंचे थे। उनके अनुसार, मौके पर शिकायतकर्ता की पत्नी मिलीं, जो पक्के मकान में रहती हैं। सचिव का कहना है कि जब उन्होंने पत्नी से आधार कार्ड मांगा तो वह उसी पक्के मकान से आधार कार्ड लेकर आई थीं।
अब सवाल यह है कि दिव्यांग पिंटू की वास्तविक आवासीय स्थिति क्या है और पात्रता जांच में किसकी रिपोर्ट सही है? ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पात्रता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com