7:42 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर मेला ककोड़ा में उमड़ा आस्था का सैलाब, तड़के से गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़

ककोड़ा (बदायूं)। कार्तिक मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर रोहिलखंड के मिनी कुंभ कहे जाने वाले मेला ककोड़ा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्णिमा की सुबह होते ही गंगा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। भोर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और हर ओर मां गंगा के जयकारे गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा को प्रसाद, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अनेक श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में स्नान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाट का वातावरण भक्तिमय नजर आया। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेला ककोड़ा पहुंचे। स्नान के बाद लोगों ने मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी की और परिवार के साथ मेले का आनंद लिया।

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते श्रद्धालु सुबह से ही घाटों पर पहुंचते रहे। मां गंगा के प्रति श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के इस संगम ने मेला ककोड़ा को भक्तिमय बना दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.