4:59 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

नशे में गालियां देने पर दोस्त ने ही कर दी थी भूरे की हत्या

हत्यारोपी रिजवान गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
आठ नवंबर को महावा नदी के टेडाघाट पुल के पास मिला था अज्ञात शव
मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद निवासी भूरे के रुप में हुई थी शिनाख्त

महेन्द्र सक्सेना
सहसवान: एक पखवाड़े पूर्व अधेड़ की गला रेत कर की गई हत्या का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी ने बताया कि नशे में गालियां देने पर उसने ही अपने दोस्त की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि महावा नदी के टेडाघाट पुल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। नगर के मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद निवासी फहीम ने मृतक की शिनाख्त अपने पिता भूरे के रुप में की। पुलिस ने मृतक के पुत्र की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद हत्यारोपी के रूप में रिजवान पुत्र असफाक निवासी मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद का नाम प्रकाश में आया। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कोतवाल नरेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को चौकी नंबर चार के आगे चांद मियां के प्लाट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। आरोपी ने बताया कि मृतक उसका दोस्त था और दोनों साथ में सुल्फा पीते थे। मृतक नशा करने के बाद उसे गालियां और ताने देता था। इसी से नाराज़ होकर उसने भूरे की हत्या करने का फैसला कर लिया।‌
आठ नवंबर को वह सुल्फा पीने को मृतक को अपने साथ साथ महावा नदी के पास ले गया। यहां नशा होने के बाद उसने चाकू से मृतक के गले पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और चाकू झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने के साथ ही उसे जेल भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई राम नरेश, कांस्टेबल नितिन बालियान, अमित शर्मा, विकास शर्मा शामिल रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.