5:07 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

सहसवान पुलिस ने किया युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

सहसवान पुलिस ने किया युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

केशव गुप्ता

नशे के दौरान विवाद बना हत्या की वजह, सुनसान जंगल में चाकू से गला रेतकर उतारा था मौत के घाट; निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
सहसवान (बदायूं)। टेढ़ाघाट पुल के पास खेत में मिले युवक के शव के मामले में सहसवान पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने नशे के दौरान हुए विवाद और आए दिन की गाली-गलौज व तानों से नाराज होकर युवक की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने युवक को सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को PRV के माध्यम से सूचना मिली थी कि टेढ़ाघाट पुल के पास फैजुरहमान के खेत में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। बाद में मृतक की पहचान भूरे पुत्र इस्माइल, निवासी मोहल्ला पट्टी यकीन, सहसवान के रूप में हुई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0सं0 582/26, धारा 103(1) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
100 से 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मृतक के घर से घटनास्थल और कस्बा सहसवान तक करीब 100 से 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, लगातार जांच और साक्ष्य संकलन के बाद रजवान पुत्र असफाक, निवासी मोहल्ला पट्टी यकीन, थाना सहसवान का नाम सामने आया।
मुखबिर की सूचना पर चांद मियां के लाट के पास से गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि 23 नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:34 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी रजवान को चांद मियां के लाट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
नशे के दौरान विवाद के बाद रची हत्या की साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतक भूरे दोनों नशा करते थे। नशे की हालत में भूरे आए दिन उसके साथ गाली-गलौज करता था और ताने मारता था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे नाराज चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने भूरे की हत्या करने की योजना बनाई।
आरोपी के कथित बयान के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों पैदल टेढ़ाघाट रोड की ओर गए और यूकेलिप्टस के जंगल में बैठकर नशा किया। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रजवान ने भूरे को जमीन पर गिराकर उसके सीने पर बैठते हुए चाकू से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने चाकू झाड़ियों में छिपा दिया था।
आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
सहसवान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर बरामद चाकू को कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.