बदायूं-मेरठ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत, डेढ़ माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया
केशव गुप्ता
उस्मानपुर पुल के पास बस के पहिए के नीचे आने से कुचला युवक का सिर, मौके पर ही तोड़ा दम; मां-बाप का इकलौता बेटा था मृतक
बदायूं। बदायूं-मेरठ हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था और उसके परिवार में महज डेढ़ माह का मासूम बेटा है।
जानकारी के अनुसार, गांव समसपुर कूवरी निवासी पुष्पेंद्र पुत्र विजेंद्र यादव डिलीवरी बॉय का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे वह डिलीवरी लेकर जा रहा था। इसी दौरान उस्मानपुर पुल के नजदीक कौशांबी डिपो की रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक बस के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बदायूं-मेरठ हाईवे पर इन दिनों सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके चलते एक तरफ से ही वाहनों का आवागमन हो रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही डायल 112 और जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक, पुष्पेंद्र की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। उसके घर में डेढ़ माह का एक बेटा है। मां-बाप का इकलौता सहारा और परिवार का चिराग अचानक बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com