सहसवान में लूट की वारदात का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; सोने की चेन और चांदी का गुच्छा बरामद
केशव गुप्ता
लूटे गए जेवरात, वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे व कारतूस पुलिस ने किए बरामद
बदायूं। जनपद के थाना सहसवान पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, चांदी का गुच्छा, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दो अवैध तमंचे 315 बोर व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीते 8 नवंबर 2026 को ग्राम भगता नगला निवासी कल्याण सिंह अपने चचेरे भाई नन्हें के साथ अपनी पुत्री प्रीती को उसकी ससुराल से वापस ला रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने प्रीती की सोने की चेन और चांदी का गुच्छा छीन लिया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना सहसवान में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 12 नवंबर को हरदत्तपुर जाने वाले मार्ग पर सरकारी ट्यूबवेल के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र शरीफ अहमद निवासी पठान टोला और अजीम पुत्र अय्यूब निवासी मोहल्ला बजरिया, थाना सहसवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP24BD9912 और दो तमंचे 315 बोर के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। विवेचना के दौरान मुकदमे में लूट से संबंधित धाराओं में बदलाव करते हुए धारा 309(4) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजीम के खिलाफ पूर्व में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जावेद अली व थाना सहसवान पुलिस टीम शामिल रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com