लंबे समय से खुदी पड़ी सड़क के कारण हो रहे है हादसे
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर गांव खैरी के निकट बुधवार को सवारियों से भरा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी लाया गया। इनमें चार महिलाओं का उपचार जारी है, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार हाइवे पर स्थित पिंडौल गांव से ई-रिक्शा सवारियां लेकर बिल्सी की ओर आ रहा था। खैरी गांव के पास सामने से आ रही बोलेरो कार को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा चालक नियंत्रण खो बैठा और ई-रिक्शा सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। ई-रिक्शा में करीब सात से आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर चौड़ीकरण के लिए खुदाई किए जाने के कारण मार्ग की चौड़ाई काफी कम रह गई है। इससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि सड़क की कम चौड़ाई के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद मार्ग पर यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। सीएचसी में सिरतौल गांव निवासी पूनम, खुशबू, दीक्षा और अनीता का उपचार चल रहा है। वहीं गुड़िया की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com