उझानी में अवैध ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कोतवाली प्रभारी ने चलाया अभियान।
प्रमुख चौराहों पर हुई सघन चेकिंग, बिना कागज वाले चालकों में मचा हड़कंप, नियम तोड़ने वालों को दी सख्त हिदायत।
उझानी (बदायूँ) 10 नवंबर ।
नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने अवैध रूप से संचालित हो रहे ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सघन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर चेकिंग की। घंटाघर चौराहा, बस स्टैंड रोड, थाना रोड और मार्केट के मुख्य मार्गों पर पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को रोककर उनके कागजात चेक किए।
इस दौरान बिना आवश्यक दस्तावेजों एवं नियमों का पालन किए ई-रिक्शा संचालित करने वाले चालकों को रोककर पूछताछ की गई। कई चालकों के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और नही ई-रिक्शा के पूरे कागज। पुलिस ने ऐसे चालकों को कड़ी हिदायत दी।
पुलिस ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही ई-रिक्शा खड़ा करने तथा सड़कों पर अनावश्यक जाम न लगाने की हिदायत दी। चालकों को समझाया गया कि चौराहों पर ई-रिक्शा खड़ा करने से आम लोगों को भारी परेशानी होती है और एम्बुलेंस तक फंस जाती है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि नगर की यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि आगे भी लगातार चेकिंग की जाएगी।



पुलिस के इस अभियान से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मचा रहा। वहीं नगर के व्यापारियों और राहगीरों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह नियमित चेकिंग होती रही तो नगर में जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com