12:42 am Monday , 9 November 2026
BREAKING NEWS

दीपावली पर पूर्व मंत्री आबिद रजा और चेयरमैन फात्मा रजा ने शहर को दिया रोशनी का तोहफा

103 डेकोरेटिव पोल और आक्टागोनल पोल लाइटों का किया उद्घाटन

लालपुल से शहीद भगत सिंह चौक तक सड़क आधुनिक एलईडी लाइटों से हुई जगमग

बदायूं। दीपावली के पावन पर्व पर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा ने शहरवासियों को रोशनी का खास तोहफा दिया। नगर को आकर्षक और जगमग बनाने की दिशा में नगर पालिका की ओर से लालपुल चौराहे से खेड़ा नवादा स्थित शहीद भगत सिंह चौक तक डेकोरेटिव पोल और आक्टागोनल पोल लाइटें लगवाई गई हैं। इन आधुनिक एलईडी लाइटों का उद्घाटन पूर्व मंत्री आबिद रजा और चेयरमैन फात्मा रजा ने संयुक्त रूप से लालपुल, संगीता चौक, मढई चौक और पथिक चौक पर आयोजित समारोह में बटन दबाकर किया। लाइटें शुरू होते ही पूरा मार्ग आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा।

पूर्व राज्यमंत्री आबिद रजा ने कहा कि शहर में जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। डेकोरेटिव पोल और आक्टागोनल पोल
लाइटें लगने से रात में राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। सड़क स्पष्ट दिखाई देने से दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि दीपावली पर शहरवासियों को यह सौगात दी गई है। नगर को सुंदर, स्वच्छ और रोशनी से जगमग बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और मार्गों को भी आधुनिक लाइटों से रोशन किया जाएगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

इस कार्यक्रम में सभासद अली अल्वी, मुकेश साहू, अनवर खां, श्याम साहू, मनोज कश्यप, भूरे पीर जी, मुशाहिद, समर खां, वसीम सैफी, अनीस सिद्दीकी, मोहतशाम सिद्दीकी, छोटू, बब्लू, लालू समेत कई लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.