बिसौली। धनतेरस के पावन पर्व पर नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा शहर रोशनी, चहल-पहल और रौनक से सराबोर हो गया।
शुक्रवार को धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की गई, जिसमें सबसे खास आकर्षण कृषि क्षेत्र से जुड़े वाहनों का रहा। नगर के प्रमुख वार्ष्णेय ट्रैक्टर्स पावर ट्रैक ट्रैक्टर शोरूम पर सुबह से ही किसानों और ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। अपनी फसल के बाद शुभ मुहूर्त में नया ट्रैक्टर घर ले जाने के लिए किसान बेहद उत्साहित नजर आए। शोरूम मालिकों के अनुसार, इस बार पिछले वर्षों के मुकाबले ट्रैक्टरों की रिकॉर्ड बुकिंग और डिलीवरी हुई है। ढोल-नगाड़ों और पूजा-अर्चना के साथ किसानों को नए ट्रैक्टरों की चाबियां सौंपी गईं। शोरूमों के बाहर नए वाहनों की पूजा कराने और फूल-मालाएं पहनाने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। पावर ट्रैक एजेंसी के स्वामी अवनीश कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि इस धनतेरस पर बाजार में अभूतपूर्व उछाल आया है। विशेषकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती के कारण ट्रैक्टरों और कृषि यंत्रों की मांग काफी बढ़ी है, जिससे सभी व्यापारी बेहद खुश हैं। त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com