12:46 am Monday , 9 November 2026
BREAKING NEWS

भाजपा मंडल अध्यक्ष से अभद्रता का आरोप, दरोगा विनोद शर्मा फिर विवादों में घिरे

मंडल अध्यक्ष की बाइक और चाबी दो घंटे तक रखने का दावा, फोन पर कहा- ‘मंडल अध्यक्ष हो तो क्या तोप हो’; पहले भी नगर पंचायत अध्यक्ष के परिवार से हो चुका है विवाद

कुंवरगांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । कस्बे में तैनात दरोगा विनोद शर्मा की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार भाजपा मंडल अध्यक्ष नौरंगपाल से फोन पर कथित अभद्रता और उनकी मोटरसाइकिल करीब दो घंटे तक रोके रखने का आरोप लगा है। इससे पहले भी नगर पंचायत अध्यक्ष पति अरविंद रावत के ताऊ प्रेमपाल रावत के साथ विवाद को लेकर दरोगा चर्चा में आ चुके हैं। लगातार सामने आ रहे विवादों ने पुलिस के व्यवहार और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम भाजपा शक्ति केंद्र सहसंयोजक बीरेंद्र राजपूत मंडल अध्यक्ष नौरंगपाल की मोटरसाइकिल से कस्बे में नींबू लेने जा रहे थे। इसी दौरान चेकिंग कर रहे दरोगा विनोद शर्मा ने बाइक रुकवा ली। बताया जाता है कि बीरेंद्र ने फोन पर मंडल अध्यक्ष से दरोगा की बात कराई। आरोप है कि अपना परिचय देने के बावजूद नौरंगपाल से अभद्रता की गई और कहा गया, ‘मंडल अध्यक्ष हो तो क्या तोप हो।’ इसके बाद करीब दो घंटे तक बाइक और उसकी चाबी अपने पास रखे जाने का आरोप है।

यह पहला मामला नहीं है जब दरोगा विनोद शर्मा की कार्यशैली को लेकर विवाद सामने आया हो। इससे पहले मोजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष पति अरविंद रावत के ताऊ प्रेमपाल रावत की मोटरसाइकिल रोककर कागजात मांगे गए थे। आरोप था कि परिचय देने पर उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। उस समय अरविंद रावत ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

अब भाजपा मंडल अध्यक्ष से जुड़े ताजा प्रकरण ने विवाद को फिर हवा दे दी है। नौरंगपाल ने मामले की शिकायत भाजपा जिलाध्यक्ष, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा से करते हुए दरोगा के व्यवहार की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

लगातार विवाद, जवाबदेही पर सवाल

एक के बाद एक सामने आ रहे इन आरोपों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिसकर्मियों के व्यवहार की जवाबदेही कौन तय करेगा? फिलहाल दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित दरोगा का पक्ष सामने नहीं आया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.