1:02 am Sunday , 8 November 2026
BREAKING NEWS

विद्या मंदिर में छाया दीपोत्सव का उल्लास, पंच दिवसीय दीपावली उत्सव में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की रोशनी।


रंगोली से लेकर कंडील तक, हर कलाकृति में दिखी सनातन संस्कारों की झलक।

उझानी बदांयू 7 नवंबर।

अयोध्या प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में दीपावली का पर्व इस बार पूरे पांच दिन तक उत्सव बनकर छाया रहा। विद्यालय प्रांगण में पंच दिवसीय दीपावली उत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में भैया-बहनों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि देखने वाले देखते रह गए।

उत्सव के दौरान कंडील प्रतियोगिता, दीप सज्जा प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, मूर्ति प्रतियोगिता और क्राफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने रंगों, दीयों और कागज से ऐसी कलाकृतियां बनाईं कि पूरा विद्यालय दीपोत्सव के माहौल में जगमगा उठा।

रंगोली प्रतियोगिता में भैया-बहनों ने फूलों और रंगों से मनमोहक आकृतियां बनाईं। दीप सज्जा में सजे हुए दीयों की कतारों ने सबका मन मोह लिया। कंडील प्रतियोगिता में हाथ से बनी रंग-बिरंगी कंडीलें आकर्षण का केंद्र रहीं। मूर्ति और क्राफ्टिंग में भी बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति का शानदार परिचय दिया।

प्रतियोगिताओं का निरीक्षण करने प्रबंधक रतन जिंदल, उपाध्यक्ष डॉक्टर आलोक गुप्ता, सुशील माहेश्वरी, सभासद राम प्रवेश यादव, कमलेश वार्ष्णेय, श्रीमती सुनीति अग्रवाल और प्रधानाचार्य घनश्याम बाबू पहुंचे। सभी ने भैया-बहनों की कलाकृतियों को सराहा, उन्हें स्थान प्रदान किया और उत्साहवर्धन किया।

समाजसेवी रामप्रवेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही बच्चों में रचनात्मक क्रियाशीलता, सहभागिता, अनुशासन सहित समग्र विकास होता है। किताबी ज्ञान के साथ-साथ ऐसी गतिविधियां ही बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देती हैं।

प्रबंधक रतन जिंदल ने कहा कि दीप सज्जा एवं रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में सनातन पर्व के प्रति आस्था जागृत होती है और उन्हें उसके महत्व का ज्ञान होता है। दीपावली केवल दीये जलाने का नहीं, संस्कार और परंपरा को समझने का पर्व है।

इस अवसर पर प्रबंधक रतन जिंदल एवं प्रबंध समिति ने समस्त आचार्य एवं कर्मचारियों को अंग वस्त्र एवं उपहार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्य घनश्याम बाबू ने धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज सभी त्योहारों के महत्व को विस्तार से बताते हुए सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में केशव त्रिवेदी, श्वेता शर्मा, पारस अग्रवाल, राजेश पाठक, प्रताप भानु सिंह, यशवीर, खुशबू, राम प्रसाद, राहुल, पीसी पाल, कुलदीप, अभिषेक आदि उपस्थित रहे।

—

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.