दीपों की रोशनी में डूबा पैलेस, रोटरी क्लब ऑफ क्लासिक के दीपोत्सव में छाई खुशियों की बहार।
परिवार संग जमकर मना जश्न, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने मारी बाजी, अध्यक्ष गौरव गर्ग ने बांटे पुरस्कार।




उझानी (बदायूं) 6 नवंबर ।
बीती रात शहर में कुछ अलग ही नजारा था। एक पैलेस दीपों की जगमगाहट, फूलों की महक, रंग-बिरंगी लाइटों और हंसी-ठहाकों से सराबोर था। मौका था रोटरी क्लब ऑफ क्लासिक के भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का, जो देर रात तक हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्लब के सभी सदस्य अपने परिवार सहित शामिल हुए। जैसे ही सदस्यों ने परिवार के साथ पैलेस में प्रवेश किया, तिलक लगाकर और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया। पूरा पैलेस दीपावली की सजावट से दुल्हन की तरह सजा हुआ था। मंच पर दीपों की कतार और रंगोली ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष गौरव गर्ग सहित वरिष्ठ सदस्यों ने मां लक्ष्मी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अध्यक्ष गौरव गर्ग ने सभी सदस्यों और उनके परिवारों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब सिर्फ सेवा का ही नहीं, बल्कि परिवार, संस्कार और आपसी भाईचारे का भी संगठन है। दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम सदस्यों को एक परिवार की तरह जोड़ते हैं।
दीपोत्सव में कई रोचक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़े ही नहीं, बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोलियां बनाईं। दीया सजाओ प्रतियोगिता में सजे हुए दीपों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा डांस, गीत-संगीत, फैंसी ड्रेस और मनोरंजक खेलों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने तो जैसे समां ही बांध दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों के डांस और उनकी मासूम अदाओं पर खूब तालियां बजीं। परिवारों ने भी एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया और हर प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजाईं।
सभी प्रतियोगिताओं में विजयी रहे सदस्यों सहित परिवार के बच्चों को अध्यक्ष गौरव गर्ग ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाते ही विजेताओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। अध्यक्ष ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण है भाग लेना और एक साथ खुशियां बांटना।
इस अवसर पर क्लब के सदस्य अजित गोयल, अमित छाबड़ा, अमित गोयल, अमित मित्तल, अमित बंसल, अंकुर गोयल, अश्वनी गोयल, धीरज मित्तल, दिलीप भल्ला, हरि अग्रवाल, करण थरेजा, मनीष अदलखा, मनीष गोयल, राजीव गोयल, राहुल ओबराय, उदय सिंघल, विक्रांत मेंदीरत्ता, विवेक वार्ष्णेय उपस्थित रहे।
इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने दीपावली पर जरूरतमंदों की मदद करने, पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने और समाज सेवा के कार्यों को और आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और सहभोज का आनंद लिया।
राजेश वार्ष्णेय एमके।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com