6:38 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी -देवर और उसके भाइयों ने महिला को पीटा, जान से मारकर जमीन में गाड़ने की धमकी

।

छोटी बेटियों के बचाने आने पर उन्हें भी पीटा, एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू।

उझानी (बदायूं) 6 नवंबर ।

सकरी जंगल गांव में देवर ने भाभी को गाली-गलौज कर लात-घूंसों, डंडों और ईंटों से बुरी तरह पीट दिया। बीच-बचाव करने आईं उसकी छोटी बेटियों को भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने महिला को जान से मारकर जमीन में गड्ढा खोदकर गाड़ देने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर एसएसपी के आदेश पर उझानी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़िता सीमा पत्नी रमेश निवासी सकरी जंगल ने एसएसपी को दी तहरीर में बताया कि वह अपने छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों के साथ गांव में रहती है और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है।

आरोप है कि 4 नवंबर की रात करीब 10 बजे उसके देवर राजेश पुत्र रतनलाल ने बिना किसी बात के उसे गंदी-गंदी गालियां दीं। मना करने पर राजेश ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने चचेरे भाइयों बल्लू व तेजपाल पुत्रगण महेंद्र को भी बुला लिया।

तहरीर के अनुसार, सभी ने मिलकर महिला को लात-घूंसों, डंडों और ईंटों से बुरी तरह मारा-पीटा, जिससे उसके चेहरे, कंधे और हाथों में गंभीर चोटें आईं। जब उसकी छोटी बच्चियां बीच-बचाव करने आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने अपने घर की औरतों से कहकर उसे उकसाया कि इसको जान से मार दो। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति भी उन लोगों के उकसावे में आकर उसके साथ मारपीट करता है।

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी है कि तुझे जान से मारकर जमीन में गड्ढा खोदकर गाड़ देंगे। इससे वह और उसके बच्चों की जान को निरंतर खतरा बना हुआ है।

पीड़िता ने एसएसपी से कोतवाली उझानी को मेडिकल कराकर रिपोर्ट दर्ज करने तथा उसे व उसके बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। एसएसपी ने तहरीर पर कोतवाली उझानी को मेडिकल के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस पर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच उप निरीक्षक प्रेमपाल सिंह को सौंपी गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.