5:37 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

विद्यालय में दीप सजाओ, बंधनवार एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों की कला ने मोहा मन

।

उझानी (बदायूं) 6 नवंबर ।

संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, में शुक्रवार को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ दीप सजाओ, बंधनवार एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर दीपों की जगमगाहट, फूलों की महक और रंगों की छटा से सजा नजर आया।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। किसी ने मिट्टी के दीपों को रंग-बिरंगे रंगों से सजाया, तो किसी ने मोती, सितारों और फूलों से दीपों को नया रूप दिया। बंधनवार प्रतियोगिता में आम के पत्तों, गेंदे के फूलों और रंगीन कागजों से बनी मनमोहक बंधनवार ने सभी का ध्यान खींचा।

रंगोली प्रतियोगिता तो आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। विद्यार्थियों ने फर्श पर दीप, कलश, स्वास्तिक, मोर, फूल और लक्ष्मी जी के चरणों की सुंदर रंगोलियां बनाईं। एक से बढ़कर एक रंगोलियों को देखकर शिक्षक और अभिभावक भी तारीफ किए बिना नहीं रह सके।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं कलात्मक अभिरुचि का विकास करना रहा। दीपावली जैसे पर्वों का महत्व सिर्फ रोशनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, सृजन और स्वच्छता का भी प्रतीक है। यही संदेश इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना को बढ़ाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों के सहयोग की भी प्रशंसा की और बच्चों को भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के दौरान पूरा विद्यालय उत्सव जैसा नजर आया। बच्चे एक-दूसरे की कृतियों को देखकर सीख रहे थे, शिक्षक मार्गदर्शन कर रहे थे और परिसर में दीपावली की रौनक साफ झलक रही थी। अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.