6:11 pm Thursday , 5 November 2026
BREAKING NEWS

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया लोकार्पण, क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़

बदायूँ को मिली दीपावली की एक और बड़ी विकास सौगात, ₹11 करोड़ की लागत से बने ग्राम सल्लन नगर मे विद्युत उपकेंद्र एवं विद्युत लाइनों का हुआ लोकार्पण

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा एवं विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया लोकार्पण, क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था होगी और अधिक सुदृढ़

बदायूँ। दीपावली के पावन पर्व पर बदायूँ विधानसभा क्षेत्र को विकास की एक और महत्वपूर्ण सौगात मिली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की बिजनेस प्लान 2024-25 योजना के अंतर्गत तहसील बदायूँ सदर के ग्राम अनुगुइया सल्लन नगर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र (क्षमता 2×5 एमवीए) तथा संबंधित 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत लाइनों के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।

लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस महत्वपूर्ण विद्युत परियोजना का लोकार्पण भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री माननीय श्री बी.एल. वर्मा जी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बदायूँ सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री माननीय श्री महेश चंद्र गुप्ता जी ने की।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री बी.एल. वर्मा जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। केंद्र सरकार का संकल्प है कि देश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला है। जब विद्युत व्यवस्था मजबूत होती है तो किसानों को खेती में, युवाओं को शिक्षा में, व्यापारियों को कारोबार में और उद्योगों को आगे बढ़ने में सुविधा मिलती है।


उन्होंने कहा कि बदायूँ में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारी सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन योजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता को उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बदायूँ सहित पूरे जनपद में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है।

इस विद्युत परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बिजली की उपलब्धता बेहतर होगी तथा क्षेत्र में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लाभ प्राप्त होगा।

विधायक महेश चंद्र गुप्ता जी ने कहा कि बदायूँ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में बिजली, सड़क, जल निकासी, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की सौगात देने के लिए उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री श्री बी.एल. वर्मा जी एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। बदायूँ विधानसभा को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

दीपावली के अवसर पर बदायूँ को मिली यह सौगात विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और क्षेत्र की जनता के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री एम पी सिंह राजपूत, चीनी मिल के उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल सिंह, चेयरमेन पति अरविन्द रावत,मंडल अध्यक्ष नोरंग पाल राजपूत, रामचरण पाल,राघव सिंह चौहान,धीरेन्द्र सिंह,अंकित शाक्य, मधुसूदन गुप्ता,आदेश शर्मा,पंकज गुप्ता, अनूप पटेल,आर्यद्र पटेल सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.