5:04 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने मॉडल के जरिए दिखाई प्रतिभा


बदायूं। जिला विज्ञान क्लब बदायूं एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बदायूं के प्रांगण में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला विज्ञान क्लब के सचिव लालजी यादव ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती अल्पना कुमार ने की।

प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान पर आधारित आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में देवेंद्र सहाय, गिरधारी सिंह, जेपी वैश्य एवं शिवम शामिल रहे।

मंडल स्तर के लिए चयनित प्रतिभागी

प्रतियोगिता में पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कॉलेज बदायूं की छात्रा कुमारी छाया ने वाहन दुर्घटना नियंत्रण प्रणाली का मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज गंगोला के उदित गुप्ता ने ऑटोमेटिक स्ट्रीट सिस्टम बनाकर द्वितीय स्थान हासिल किया। श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज बदायूं के योगेश कुमार सोलर स्प्रे सिस्टम के साथ तृतीय स्थान पर रहे।

इसके अलावा राजकीय हाईस्कूल के ओम सागर ने स्मार्ट स्टिक बनाकर चौथा, श्रेष्ठ पाल ने एंटी रेबीज कार मॉडल के साथ पांचवां तथा राजकीय इंटर कॉलेज बदायूं की शीतल ने स्मार्ट फर्टिलाइजर डिस्पेंशन मशीन के साथ छठा स्थान प्राप्त किया।

सातवें स्थान पर अनुष्का गुप्ता, आठवें पर अरुण, नौवें पर मानसी, दसवें पर नव्या सक्सेना रहीं। वहीं 11वें स्थान पर राजाराम महिला इंटर कॉलेज की अनीशा एवं अमोली, 12वें पर अनुष्का, 13वें पर राधेलाल इंटर कॉलेज कछला के अवकाश तथा आगे के स्थानों पर दीक्षा, सुहानी और काव्या का चयन हुआ।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को जिला विज्ञान क्लब की ओर से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन क्लब के समन्वयक विवेक जौहरी ने किया।

14 नवंबर को उझानी में होगा अगला कार्यक्रम

विवेक जौहरी ने बताया कि विज्ञान क्लब का अगला कार्यक्रम 14 नवंबर को विमल हरि भगवान इंटर कॉलेज उझानी में आयोजित किया जाएगा। इसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों एवं आमजन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से जिला विज्ञान क्लब द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समय-समय पर विज्ञान संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.