सिलहरी से पीएस पटेल की रिपोर्ट
सालारपुर में डेढ़ करोड़ की लागत से बने राजकीय कृषि एवं डिजिटल सेंटर का विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया लोकार्पण
अब किसानों को बीज और कृषि संबंधी सुविधाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा बिनावर, सालारपुर में मिलेंगी सुविधाएं
सालारपुर विकास खंड में किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित राजकीय कृषि एवं डिजिटल सेंटर का बुधवार को सदर विधायक एवं पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस सेंटर के शुरू होने से सालारपुर और आसपास के गांवों के किसानों को बीज एवं कृषि विभाग से संबंधित सुविधाएं अब अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि विकास खंड सालारपुर में लंबे समय से राजकीय कृषि भंडार की मांग की जा रही थी। यहां का पुराना बीज भंडार बिनावर में स्थित होने के कारण किसानों को बीज और कृषि संबंधी सामग्री प्राप्त करने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। इससे किसानों का समय और धन दोनों खर्च होते थे।उन्होंने कहा कि किसानों की इस समस्या को देखते हुए इसका स्थायी समाधान कराने के लिए प्रयास किए गए। किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुविधा, समृद्धि तथा खुशहाली ही क्षेत्र के विकास का आधार है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से इस सेंटर का निर्माण कराया गया है। इसका लोकार्पण केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का परिणाम है।विधायक ने कहा कि अब सालारपुर और आसपास के गांवों के किसानों को बीज एवं कृषि विभाग से संबंधित सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और श्रम की बचत होगी। हमारा प्रयास है कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, खाद और सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ समय से मिले। खेती की लागत कम हो और किसानों की आय बढ़े, इसके लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए किसानों से नए कृषि सेंटर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।



इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख अनेकपाल सिंह, राजेश्वर सिंह पटेल उर्फ बेबी भैया, सोवरन सिंह राजपूत, धीर सिंह, रमेश, मनोज, निरंजन, जमशेद, ठाकुर धीरेंद्र सिंह,अरुण भारद्वाज, राकेश, बदन सिंह, भीमसेन, प्रेमशंकर,अजय प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान और सहित कृषि अधिकारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com