3:58 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत का आधार: एनएसएस ने लघुनाटिका से दिया सन्देश

आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय, बदायूं में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2047” अभियान के अंतर्गत एक प्रभावशाली लघुनाटिका का मंचन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता जगाना तथा युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय एवं नशा मुक्त जीवन के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ श्रद्धा गुप्ता ने तथा संचालन डॉ राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई के निर्देशन में पवन कुमार, शिव कुमार, पवी मिश्रा, रोशनी, आरती, खुशबू, जुबेर बेग, शिवम भारती, रौनक और सृष्टि कश्यप आदि एनएसएस स्वयंसेवियों ने उत्कृष्ट अभिनय किया। लघुनाटिका के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के शरीर, मन और परिवार को तोड़ता है, बल्कि युवा की शिक्षा, करियर, स्वप्न और राष्ट्र निर्माण की क्षमता को भी नष्ट कर देता है।
स्वयंसेवकों ने दर्शाया कि नशे की लत धीरे-धीरे युवा को अकेलापन, अपराध, आर्थिक संकट और सामाजिक अपमान की ओर ले जाती है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा नशे के प्रस्ताव को दृढ़ता से ठुकराएं, संकट में मित्रों की मदद करें और नशा मुक्त जीवन को अपनाएं।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित, स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण कर सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब देश का हर युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और नशे जैसी आत्मघाती आदतों से मुक्त होगा।
प्राचार्य ने छात्रों से कहा कि वे अपने परिवार, महाविद्यालय और समाज में नशा मुक्ति के दूत बनें। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों की सार्थक प्रस्तुति की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में सेवा भाव, जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम जगाते हैं।
डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि परिवार और समाज के लिए गंभीर समस्या है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेल, शिक्षा, कला, स्वयंसेवा और रचनात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं, ताकि नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकें। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवक इस अभियान के सबसे बड़े सेनानी हैं, क्योंकि वे अपने सहपाठियों और समाज तक सकारात्मक संदेश पहुंचा सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार, डॉ. जुनेद आलम आदि उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों के अभिनय और जागरूकता अभियान की सराहना की।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.