8:07 pm Thursday , 8 October 2026
BREAKING NEWS

चार बीघा जमीन गई, परिवार बेघर—थाने की चौखट पर भी नहीं मिली सुनवाई

चार बीघा जमीन गई, परिवार बेघर—थाने की चौखट पर भी नहीं मिली सुनवाई
परिवार पर धोखे से जमीन हड़पने, बंधक बनाने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप; पन्नी के नीचे गुजर रही जिंदगी, मुकदमा दर्ज कराने के लिए SSP की चौखट पर पहुंचा पीड़ित

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव। थाना क्षेत्र के खासपुर गोटिया गांव में एक गरीब परिवार अपनी जमीन और घर दोनों से हाथ धोने के बाद पन्नी डालकर रहने को मजबूर है। रामेश्वर पुत्र गोपाल ने परिवार के ही कुछ लोगों पर धोखे से करीब चार बीघा जमीन का बैनामा कराने, करीब दो साल तक उसे दिल्ली और हरियाणा में बंधक बनाकर रखने तथा पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद वह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार गुरुवार को उसने SSP से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग की। रामेश्वर के अनुसार 19 फरवरी 2020 को सावित्री पत्नी सेवाराम, सूरजपाल, नेपाल, जुगनू और सेवाराम के पुत्रों ने नशीला पदार्थ खिलाकर धोखे से उसकी जमीन का बैनामा करा लिया। इसके बाद उसे करीब दो वर्ष तक बंधक बनाकर रखने का भी आरोप है। जमीन के दाखिल-खारिज के कागज पत्नी-बच्चों तक पहुंचने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

पंचायत में समझौता, फिर भी परिवार सड़क पर
शिकायत के मुताबिक ग्रामीणों की जानकारी में आने के बाद 30 मार्च 2026 को पंचायत स्तर पर समझौतानामा कराया गया, जिस पर किशनपाल, श्रीकृष्ण, बाबूराम, राजवीर और रामनिवास समेत अन्य लोगों के हस्ताक्षर बताए गए हैं। आरोप है कि समझौते के तहत जब रामेश्वर की पत्नी 5 अक्टूबर को खर्चा लेने आरोपियों के पास पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई और बाद में रामेश्वर की पत्नी व बच्चों को घर से निकाल दिया गया। बचाने पहुंचे मोहनलाल का भी जिक्र शिकायत में किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर गंभीर आरोपों के बावजूद प्राथमिकी दर्ज करने में इतनी देरी क्यों? उधर ग्राम पंचायत प्रशासक सगीर अहमद ने बताया कि परिवार बेहद गरीब है और गांव में पन्नी डालकर रह रहा है। लगातार बारिश के दौरान उसकी झोपड़ी के आसपास पानी भर गया था, जिससे परिवार को काफी परेशानी हुई। अब पीड़ित ने SSP से पूरे मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.