बिल्सी। क्षेत्र में दो दिन लगातार हुई बारिश अब ग्रामीण इलाकों में परेशानी का सबब बनने लगी है। बारिश के बाद सुंदरनगर गांव से बेहटा जबीं जाने वाले मार्ग का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में कटकर बह गया। इससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है और ग्रामीणों व राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि लगातार बारिश के चलते सड़क के आसपास जलभराव हो गया था। सोमवार को पानी का बहाव तेज होने पर सड़क का एक हिस्सा कटकर बह गया। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार यह रास्ता आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है। ऐसे में जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आवागमन पूरी तरह बाधित होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


