4:27 pm Saturday , 19 September 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में तेज रफ्तार बाइक ने पैदल युवक को मारी टक्कर, पैर कटा; बाइक सवार गंभीर।

बिल्सी (बदायूं) 19 सितंबर ।

बिल्सी नगर में बदायूं स्टैंड के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पार कर रहे रवि कुमार का पैर कट गया, जबकि बाइक सवार उघैती थाना क्षेत्र निवासी सचिन के सिर में गंभीर चोट आई है। टक्कर के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब वह सतेती गांव से बिल्सी लौट रहे थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से आ रही बाइक ने सड़क पार कर रहे रवि कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि कुमार का पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार सचिन भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास मौजूद लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को बिल्सी के सरकारी अस्पताल (सीएचसी) पहुंचाया।

सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि एक युवक का पैर कट गया है, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घटना के बाद बिल्सी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस