3:45 pm Saturday , 19 September 2026
BREAKING NEWS

फ्यूचर लीडर्स स्कूल के विद्यार्थियों ने एचडीएफसी बैंक में समझी बैंकिंग व्यवस्था

बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल के कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए एचडीएफसी बैंक की शाखा में एक ज्ञानवर्धक एवं अनुभवात्मक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बैंकिंग व्यवस्था, विभिन्न बैंकिंग सेवाओं तथा दैनिक जीवन में बैंक की उपयोगिता से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।

भ्रमण के दौरान एचडीएफसी बैंक के ब्रांच मैनेजर अमित कुमार एवं ऑपरेशन हेड साहिल साहू ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें बैंक की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यार्थियों को खाता खोलने, धनराशि जमा एवं निकासी, चेक संबंधी कार्य, एटीएम, डिजिटल एवं मोबाइल बैंकिंग, ऑनलाइन लेन-देन तथा ऋण संबंधी प्रक्रियाओं सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाओं के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों ने बैंक के विभिन्न काउंटरों एवं विभागों की कार्यप्रणाली को भी करीब से समझा।

बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आधुनिक बैंकिंग में डिजिटल सेवाओं की भूमिका से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के द्वारा घर बैठे अनेक बैंकिंग कार्य किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों ने बैंक अधिकारियों से बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं रोचक ढंग से उत्तर दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को बचत की आदत, वित्तीय अनुशासन, धन के उचित प्रबंधन तथा बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के महत्व की जानकारी भी दी गई। इस अनुभव ने विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता की दिशा में महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

विद्यालय के डायरेक्टर वी.पी. सिंह ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक जीवन की परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विद्यालय के एमडी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि बैंक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता और बैंकिंग प्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए बचत, धन प्रबंधन एवं डिजिटल बैंकिंग की बुनियादी जानकारी अत्यंत उपयोगी है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देता है। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि हुई और उन्हें बैंकिंग क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ केशव शर्मा, पीटीआई दीपक शर्मा एवं सिदरा खान उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों की व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया।

विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ बैंक की विभिन्न गतिविधियों को समझा और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी नई एवं उपयोगी जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक एवं यादगार अनुभव रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस