2:21 pm Saturday , 19 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी बिजली कटौती से भड़के किसान, जागीर बिजलीघर का अनिश्चितकालीन घेराव।

मैनपुरी बिजली कटौती से भड़के किसान, जागीर बिजलीघर का अनिश्चितकालीन घेराव।

भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेतृत्व में शुरू हुआ धरना, लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती पर जताया आक्रोश।

मैनपुरी 19 सितंबर ।

एलाऊ ब्लॉक क्षेत्र के जागीर बिजलीघर पर शुक्रवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय किसानों ने बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

किसान नेता राजा ठाकुर की अध्यक्षता में शुरू हुए इस धरने के दौरान किसानों ने फीडर का घेराव कर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने साफ कहा है कि जब तक विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, धरना खत्म नहीं होगा।

किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में कई-कई घंटे अघोषित बिजली कटौती हो रही है। कभी लो-वोल्टेज तो कभी फॉल्ट के नाम पर सप्लाई रोक दी जाती है। इसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है।

किसानों ने बताया कि इस समय धान की फसल को पानी की सख्त जरूरत है। बिजली न मिलने से सिंचाई नहीं हो पा रही और फसल सूखने के कगार पर है। किसानों का कहना है कि वे पहले ही आलू की फसल में नुकसान झेल चुके हैं, अब धान पर भी संकट मंडरा रहा है। घरों में बिजली न रहने से बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि शासनादेश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रावधान है, लेकिन उन्हें महज 8 घंटे ही बिजली मिल रही है।

ये हैं मुख्य मांगें -जागीर फीडर को मंछना फीडर से जोड़ा जाए।
अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या खत्म की जाए।
किसानों को कम से कम सात घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर समाधान नहीं निकालते तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बिजलीघर पर तालाबंदी और सड़क जाम तक किया जाएगा।

फिलहाल जागीर बिजलीघर पर किसानों का धरना जारी है।

मैनपुरी से अरूण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस