दीपावली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 600 किलो सरसों का तेल सीज
केशव गुप्ता
बिसौली में किराना स्टोर पर कार्रवाई, बदायूं के पेठा भंडार से भी लिया नमूना; जांच रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
बदायूं। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 3 नवंबर को खाद्य विभाग की टीम ने जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान बिसौली में एक किराना स्टोर से करीब 600 किलोग्राम सरसों का तेल सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सीएल यादव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के निर्देशन में टीम ने बिसौली के बुद्ध बाजार रोड स्थित श्रीपाल किराना स्टोर पर छापेमारी कर सरसों के तेल का नमूना लिया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लगभग 600 किलोग्राम सरसों के तेल को नियमानुसार सीज कर दिया गया।
वहीं, बदायूं के बाईपास रोड स्थित मेसर्स किसान पेठा भंडार से पेठे का नमूना संग्रहित किया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित न करने की सख्त हिदायत दी गई।
विभागीय टीम ने आमजन को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलेभर में जांच और छापेमारी का अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, प्रमोद कुमार, करन सिंह और राजेंद्र नाथ मिश्रा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com