बदायूं 3 नवंबर ।
रुहेलखंड के मिनी कुंभ के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक ककोड़ा मेले की तारीखें तय हो गई हैं। गंगा तट पर 17 नवंबर से झंडी पूजन के साथ आयोजनों की शुरुआत होगी। 23 नवंबर को मेले का भव्य उद्घाटन होगा और 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के साथ मेला संपन्न होगा। इस बार मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक हुई। सीडीओ ने सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मेले में सुरक्षा को लेकर पुलिस और जिला पंचायत संयुक्त रूप से सीसीटीवी नेटवर्क तैयार करेगी। अस्थाई कोतवाली में नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। मेले में घुड़सवार पुलिस, पीएसी बल, मोटरबोट के साथ तैराकी दल, वाच टावर और दमकल वाहनों की तैनाती रहेगी।
श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल के लिए 525 अस्थाई हैंडपंप लगाए जाएंगे। जगह-जगह मोबाइल टॉयलेट और वाटर टैंक की व्यवस्था होगी। मेले को पूरी तरह पॉलीथिन मुक्त रखा जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पर्याप्त स्टाफ और एंबुलेंस के साथ अस्थाई चिकित्सालय बनेगा। धूल से राहत के लिए नियमित पानी का छिड़काव होगा।
सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को मेले तक जाने वाले सभी खस्ताहाल मार्गों और गड्ढों को प्राथमिकता पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कला, जादू और कठपुतली शो होंगे। युवाओं के लिए अस्थाई स्टेडियम में कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल और दौड़ प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
पशुपालकों की सुविधा के लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर से अस्थाई पशु चिकित्सालय भी लगाया जाएगा।



bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com