5:27 pm Friday , 18 September 2026
BREAKING NEWS

घास लेने खेत पर गया ईंट-भट्ठा मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, मौत

बदायूं

घास लेने खेत पर गया ईंट-भट्ठा मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, मौत

केशव गुप्ता

बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के दलेल नगर गांव के खेतों में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर घास लेने गए ईंट-भट्ठा मजदूर की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय जुलकरन पुत्र अली अफसर, निवासी भसुन्दरा गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जुलकरन खेत पर घास लेने गया था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी समेत आठ बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और पांच बेटियां बताई जा रही हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुए इस हादसे ने खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस